कानून का छात्र साथी संग करता था कैब चालकों से लूट, दो धरे
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने कानून की पढ़ाई करने वाले हरियाणा के सोनीपत निवासी यशवंत खत्री को साथी संग लूटपाट करने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, एलएलबी अंतिम वर्ष का छात्र यशवंत हाईवे गैंग का सरगना है और कैब चालकों के साथ लूटपाट करता था। इनके पास से दो ओला कैब, दो मोबाइल फोन और कागजात बरामद किए गए हैं।
पुलिस उपायुक्त जी. रामगोपाल नायक ने बताया कि यशवंत का साथी यूपी के संभल निवासी जोगिंदर मौर्या है। 18 फरवरी की रात बदमाशों ने आनंद विहार इलाके से रोहिणी जाने के लिए कैब बुक की। चालक रतिराम को चाकू दिखाकर वे उसकी स्विफ्ट कार लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने 19 फरवरी की रात कश्मीरी गेट इलाके से भी एक स्विफ्ट कार लूट ली। इसके बाद निरीक्षक दिनेश कुमार के नेतृत्व वाली टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज और फोन लोकेशन की पड़ताल की। दिल्ली व सोनीपत में दबिश के बाद पुलिस ने हरिद्वार से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटी गई एक कैब मिल गई। इनकी निशानदेही पर एक अन्य कैब और दो मोबाइल बरामद कर लिए गए। पूछताछ में यशवंत खत्री ने बताया कि वह रोहिणी इलाके में रहता है। लूटपाट में प्रशांत विहार थाना पुलिस उसे पहले गिरफ्तार कर चुकी है। जल्द रुपये कमाने के लिए वह लूटपाट करता है।
जांच में पता चला कि यशवंत सोनीपत कोर्ट में कानूनी कागजात तैयार करता था। उसने ऐप के जरिए कैब बुक कर लूटपाट की योजना बनाई और सहयोगियों के साथ वारदात करने लगा। वह पहले चालक का मोबाइल फोन लूटता था। 13 फरवरी को यशवंत ने खुद को वकील बताकर एक महिला को कानूनी सलाह देने के बहाने बुलाकर लूट लिया। महिला का पति से विवाद चल रहा था